बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद गांव के उत्तर टोला में पीडब्ल्यूडी द्वारा पिचिंग कार्य के लिए गिट्टी गिराते समय रविवार की शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सोनबरसा सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है। घटना को लेकर गांव में तनाव है।
बताया जाता है कि इब्राहिमाबाद गांव के उत्तर टोला में आईटीआई स्कूल से जटवहा बाबा स्थान तक पीडब्ल्यूडी द्वारा पिचिंग का कार्य चल है। इसके लिए ट्रैक्टर द्वारा गिट्टी लादकर लाया जा रहा था। ऐसे में घर के सामने बनी सड़क पर सीढ़ी में ट्रैक्टर का पहिया छू जाने से उसी गांव के बच्चा यादव से विवाद हो गया और मारपीट हो गई। इसमें इब्राहिमाबाद निवासी कामेश्वर सिंह 72, भवानी सिंह 60, चंद्रशेखर सिंह 40, श्रीकृष्ण सिंह 65, सत्येंद्र सिंह, जानकी शरण सिंह 35, विश्वजीत सिंह 28, अमित सिंह 25 व दूसरे पक्ष के परमेश्वर यादव 55, रमेश यादव 50, उमेश यादव 25, छठिया देवी 60, मंजू देवी 45 घायल हो गए।