बलिया। जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर एक जून को उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा होगी, जिसमें 12261 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 13 सेक्टर और 27 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 9 से 12 तक और द्वितीय पाली 2 से 5 बजे तक का होगी।
इस बार भी उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से किया जा रहा है। प्रवेश परीक्षा को शंतिपूर्ण कराने क लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही कमरों में दोनों तरफ से सीसीटीवी कैमरा, डिस्प्ले बोर्ड, रिकार्डिंग व वेबकाॅस्टिंग की व्यवस्था रहेगी।
परीक्षा की ऑनलाइन माॅनिटरिंग के लिए सीआरओ के नेतृत्व में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पीने के पानी, शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्था भी रहेगी।
डीआईओएस ने पत्र जारी कर दिया निर्देश: एक जून को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने सोमवार को सभी केंद्राध्यक्षों को पत्र जारी कर दोनों पालियों में शासन के निर्देशानुसार सीसीटीवी कैमरा, डिस्प्ले बोर्ड, वायस रिकार्डिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा प्रवेश परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।