बलिया। लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 को देखते हुए स्वीप कार्यक्रम के तहत ईवीएम तथा वीवीपैट मशीन को प्रदर्शित कर आम जनता की भ्रांन्तियों को दूर करने की कोशिशों के साथ ही मॉक पोल भी कराया गया। ताकि समाज में सकारात्मक माहौल बनें। शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ उप जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने किया। इस दौरान विभिन्न दलों के लोगों ने अपने-अपने हिसाब से मतदान कर वीवी पैट सच्चाई जानने की कोशिश की।
इसमौके पर एडीएम ने कहा कि इस बार प्रयोग की जाने वाली वोटिंग मशीनों और उनकी विशेषताओं के बारे में जनजागरूकता के लिए तहसीलों, ब्लाकों, इंटर व डिग्री कालेजों में कार्यक्रम आयोजित कर मॉक पोल कराया जायेगा। बताया कि इस बार मॉडल-3 की मशीन वोटिंग के लिए प्रयोग की जाएगी, जो पिछली मशीनों से भिन्न होगी। प्रत्येक मशीन के साथ वीवीपैट लगा होगा। इससे यह फायदा होगा कि जो मतदाता वोट डालेंगे, वह उसे वीवीपैट स्क्रीन पर देख सकेंगे कि उन्होंने जिस चुनाव चिन्ह पर वोट किया है, वह उसी को मिला है या नहीं। इस मौके पर पीडब्यूडी के अवर अभियंता अजीत प्रकाश, राहुल सिंह, आलोक सिंह, एबीआरसी संजय कुमार, बी. राम, लल्लन राम इत्यादि मौजूद रहे।