बलिया। रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में जनपद की दो समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि बलिया जनपद गंगा, घाघरा और टोंस नदी से घिरा हुआ है। यहां कोई भी हवाई पट्टी न होने से बाढ़ आदि के समय आवागमन के समस्त रास्ते बंद जाते हैं। ऐसे में आकस्मिता की स्थिति में अत्यधिक विकट परिस्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने कहा कि बलिया ने अंग्रेजों से लड़कर सबसे पहले आजादी प्राप्त की थी, परंतु गंगा नदी, घाघरा नदी एवं टोंस नदी से घिरा यह जनपद आज भी बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदा एवं आकस्मिता की स्थिति में विकट स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दैविक आपदा के समय यहां पर किसी भी प्रकार की राहत सामग्री पहुंचाना असंभव सा प्रतीत होता है।
अत: पूर्वांचल के जिला बलिया जो बिहार सीमा से लगा हुआ है, यहां पर एक हवाई पट़्टी का निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा में दूसरी समस्या ओवरब्रिज की रखी। उन्होंने बताया कि लखनऊ-बलिया राजमार्ग लखनऊ को बलिया से जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है। जिससे अन्य कई जिलों का भारी आवागमन गुजरता है तथा इसी मार्ग पर रसड़ा ब्लाक में हिता का पुरा (गढिया) पर पड़ने वाले रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज न होने तथा रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से ट्रैफिक का भारी दबाव यहां पर रहता है, जिससे अक्सर यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। अत: यहां ओवरब्रिज बनाये जाने की जरूरत है। ओवरब्रिज बन जाने से जाम की समस्या से राहत मिलेगी।