सिकंदरपुर। अखिल भारतीय मद्धेशिया संघ सिकंदरपुर के तत्वावधान में शनिवार की शाम सिसोटार गांव स्थित संत गणिनाथ मंदिर प्रांगण में संत गणिनाथ जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष माधव प्रसाद गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
स्वजातीय बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि अशिक्षा समाज का सबसे बड़ा अभिशाप है। इसे मिटाने के लिए संकल्प लेकर कार्य करना होगा, बिना शिक्षा समाज का विकास नहीं हो सकता। मद्धेशिया समाज को अपना हक और अधिकार पाने के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। समाज के महापुरुषों की जयंती और उनके स्मृति में कार्यक्रमों का आयोजन करने से एकजुटता का समावेश होता है। विशिष्ट अतिथि पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता ने कहा कि समाज संगठित होगा, तभी राजनीतिक हैसियत की भी पहचान बनेगी। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुटता बनाने की अपील की। कहा कि एकजुटता के बिना कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामायण गुप्ता, डॉक्टर हरि प्रकाश गुप्त, अनिल कुमार, मधुर, शिवकुमार गुप्त, बलिराम गुप्त, गुलाबचंद गुप्त, दीनानाथ क्रांतिकारी, जयप्रकाश गुप्त, चंद्रभान गुप्त, राजू, राकेश गुप्ता, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता लालचंद गुप्ता तथा संचालन मनीष कुमार गुप्त ने किया।