बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सीएम डैशबोर्ड में खराब रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 1200 पीएम आवास(शहरी) अपूर्ण पाए जाने पर सख्ती दिखाई है। डिफाल्टर लाभार्थियों से रिकवरी के निर्देश दिए। सीएम डैशबोर्ड में रैंकिंग खराब मिलने पर खनन, आईसीडीएस, समाज कल्याण विभाग को चेतावनी दी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक में रैंकिंग सी मिले विभागों का लक्ष्य निर्धारित किया। जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग की कम रैंकिंग पर चिंता जताते हुए इसे शीघ्र बेहतर करने का निर्देश दिया। खनन विभाग प्रवर्तन कार्य में जिला बी ग्रेड पर है, लेकिन नोटिस के सापेक्ष वसूली कम होने से रैंकिंग प्रभावित हो रही है। ऐसे में वसूली में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए हैं।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जनपद की रैंकिंग सी ग्रेड होने पर उन्होंने लोन वितरण में तेजी लाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। रसड़ा नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक वार्ड में कम से कम 10 लोगों को चिन्हित कर योजना से आच्छादित करें तथा सोलर पैनल लगवाने के लाभों की जानकारी दें।
डीएम ने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को दशमोत्तर छात्रवृत्ति में सी रैंकिंग पर फटकार लगाते हुए चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि रैंकिंग ए ग्रेड में न आने पर कार्रवाई तय की जाएगी। शादी अनुदान योजना में भी प्रगति संतोषजनक न होने पर सुधार के निर्देश दिए । महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण अभियान में डी ग्रेड रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने अभियान में तेजी लाकर ए ग्रेड में लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की खराब रैंकिंग पर भी सख्त रुख अपनाते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।