बलिया। शहर के टीडी कॉलेज चौराहे पर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब बैरियर लांघ कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों को अंदर घुसते देख बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ता भी बैरियर पार करने लगे। पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक बाहर किया तो बीएमपी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यह देख पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों को बाहर किया।
संसदीय क्षेत्र सलेमपुर के भाजपा प्रत्याशी रवींद्र कुशवाहा के नामांकन के दौरान उनके समर्थकों ने टीडी कॉलेज चौराहे पर स्थित बैरियर को लांघकर अंदर प्रवेश करने किया। यह देख बैरियर के बाहर खड़े बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ता विरोध करते हुए हो हल्ला करने लगे और खुद बैरियर हटाकर अंदर जाने का प्रयास करने लगे। यह देख पुलिसकर्मियों ने बीएमपी कार्यकर्ताओं को रोका। इसके बाद बीएमपी कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों को बैरियर के बाहर किया। इसके बाद मामला शांत हुआ।