बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के नया चौक जापलिनगंज स्थित एक मकान में सोमवार की सुबह एक युवती की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के जापलिनगंज स्थित नया चौक निवासी अरुण कुमार गुप्ता की 21 वर्षीय पुत्री स्नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे जापलिनगंज चौकी इंचार्ज ने परिजनों से पूछताछ किया तो उनके द्वारा बताया गया कि युवती कई दिनों से बीमार चल रही थी, जिसके पेट में रविवार की रात दर्द हुआ, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस की माने तो मृत युवती के गर्दन पर काला निशान है, जिसे देखने से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। कोतवाल ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।