बांसडीह। तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर, भोजपुरवा और आसपास के गांवों में अब भी सरयू नदी के कारण कटान हो रही हैं। शुक्रवार को सांसद रमाशंकर राजभर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सांसद के पहुंचते ही ग्रामीण एकत्र हो गए और छह सूत्री मांग पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि इस साल सुल्तानपुर में 600 बीघा और भोजपुरवा में करीब 500 बीघा उपजाऊ भूमि नदी में विलीन हो चुकी है। कई किसानों की फसलें बह गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन द्वारा खादीपुर गांव में बनाया गया स्पर (ठोकर) कटान रोकने में बेअसर साबित हो रहा है। कटान उसी रफ्तार से गांव की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सुल्तानपुर में जल्द से जल्द एक नया और मजबूत स्पर बनाया जाए ताकि गांव को नदी के प्रकोप से बचाया जा सके। सांसद ने मौके से ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा से फोन पर बात की।
उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुल्तानपुर में नए स्पर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल घोषणाएं करती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ भी नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन नदी में समा रही है और प्रशासन तमाशबीन बना हुआ है। सांसद ने बताया कि 25 अक्तूबर को प्रमुख सचिव, लखनऊ से मिलकर मुद्दा उठाएंगे और स्थायी समाधान की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, बोले- अब नहीं झेलेंगे उपेक्षा
सांसद के सामने ग्रामीणों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई। कहा कि हर साल सिर्फ सर्वे होता है, लेकिन कोई ठोस काम नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक आंदोलन करेंगे। इस मौके पर शिवजी सिंह, निर्भय नारायण सिंह, मनन कुमार सिंह, जगनारायण यादव, भरत सिंह, उदयबहादुर सिंह, सुग्रीव यादव, विजय यादव, संजय सिंह परिहार, रमाकांत राम, ओमप्रकाश उपाध्याय, जेपी यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।