क्षेत्र के श्री चैनराम बाबा समाधि स्थल पर सहतवार नगर पंचायत निवासी श्रीकृष्ण सिंह बेरूवार की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में गुरुवार को 11 जोड़ों ने सात फेरे लिए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू रीति-रिवाज से आयोजित इस भव्य शादी समारोह में वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी थी।
सामूहिक विवाह में सहतवार निवासी दीपा वर्मा की शादी दल छपरा निवासी धर्मेंद्र वर्मा के साथ हुई। वहीं सरांक निवासी सुमन पांडेय की शादी मऊ जिले के घोसी निवासी सागर मिश्र के साथ हुई।
इसके अलावा दवनी निवासी रीता की कुसहर निवासी अशोक वर्मा से, सहतवार निवासी शोभा की चंद्रपुरा निवासी उपेंद्र कुमार से, सहतवार निवासी ममता की मनियर निवासी वीरेंद्र राजभर से, चांदपुर नई बस्ती निवासी सरिता की शादी शिवजी पासवान, रेवती निवासी नेहा पटेल की शादी शिवजी से, नेहा सुरही की शादी पप्पू राम से, वहीं जूली की शादी अघैला निवासी दीपक राजभर से हुई। शादी को देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी थी। इस मौके पर प्रीति भोज का भी आयोजन था।
इसमें वर तथा वधू पक्ष के साथ ही अतिथियों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा। इस मौके पर पारंपरिक गीतों की भी धूम रही। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए नीरज सिंह गुड्डू, भाजपा नेत्री केतकी सिंह, नरेंद्र, राम सिंह, धर्मराज, अरविंद गांधी, योगेंद्र का योगदान रहा।
विवाह कार्यक्रम में श्रीकृष्ण सिंह की ओर से प्रत्येक जोड़े को गोदरेज की आलमारी, डबल बेड का पलंग, कान की बाली, मंगलसूत्र, पायल, बर्तन, दो बक्से आदि प्रदान किया गया।