खैरीघाट के नकहा में युवक की हत्या के बाद ट्राली से बंधा मिला शव के बाद बिलखते परिजन।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। खैरीघाट क्षेत्र के नकहा गांव में घर के बाहर सो रहे युवक की जमीन की रंजिश में अपहरण कर कुछ लोगों ने हत्या कर दी। इसके बाद शव गांव में खड़ी ट्रॉली के टूल बॉक्स के प्रेशर पाइप से बांधकर लटका दिया। रविवार को सुबह नित्यक्रिया को जा रहे लोगों ने शव को देखकर परिवारीजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। हत्या की सूचना पर मोतीपुर सीओ व खैरीघाट थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर सबूत जुटाए। भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के नकहा गांव निवासी प्रेम कुमार यादव (38) पुत्र सूरज लाल का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आए दिन जमीन को लेकर कहासुनी हुआ करती थी। शनिवार की रात सब लोग खाना खाने के बाद सो गए। प्रेम कुमार अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। भाई राधेश्याम का कहना है कि गांव के ही चार लोग आकर रात को सोते समय प्रेम कुमार को उठा ले गए और उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद गांव में खड़ी ट्रॉली के टूल बॉक्स में प्रेशर पाइप से शव को बांधकर लटका दिया।
रविवार सुबह हत्या की सूचना पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर खैरीघाट थानाध्यक्ष पंकज सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मोतीपुर सीओ कमलेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि प्रेम के भाई राधेश्याम की तहरीर पर नामजद चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।