शिवपुर/नवाबगंज (बहराइच)। नानपारा देहात क्षेत्र में हाईवे पार करने के दौरान बृहस्पतिवार को एक युवक की मौत हो गई। उधर, नवाबगंज क्षेत्र में दो बाइकोंं की जोरदार भिड़ंत में चार लोग व पेड़ से टकराकर बाइक सवार दो लोग घायल हो गए।
ग्राम पंचायत नानपारा देहात के मलंगपुरवा निवासी चांद बाबू (21) बृहस्पतिवार की शाम नानपारा-लखीमपुर हाईवे पार कर रहे थे। उसी दौरान मलंगपुरवा के पास उन्हें तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक भाग गया।
गंभीर रूप से घायल चांदबाबू को परिजनोंं ने सीएचसी नानपारा पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज में बक्शीगांव मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर दो बाइकोंं की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार रुपईडीहा थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी शहिल खान (24), तौफीक आलम (25) व राजा बाबू (30) और दूसरी बाइक पर सवार श्रावस्ती जिले के बेगमपुर निवासी राजन खान (28) घायल हो गए। चारों घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।
नवाबगंज के ही निबिया निवासी इमराज (32) व भगतापुर निवासी बाबू (28) बृहस्पतिवार सुबह बाइक से कहीं जा रहे थे। करीब सात बजे नवाबगंज-नानपारा मार्ग स्थित अब्दुत गांव के आगे ईदगाह के पास दोनों को झपकी आ गई। इससे उनकी बाइक सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।