बहराइच-हुजूरपुर मार्ग पर शनिवार को रामपुर टेपरा गांव के पास ट्रिपिलिंग कर रहे बाइक सवारों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे मेें जख्मी बाइक सवार एक युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल युवक की दो दिन बाद शादी है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के यादवपुर मटेहिया गांव निवासी धर्मेद्र (22) पुत्र राजेंद्र की दो दिन बाद शादी है। जिसके चलते वह शादी के लिए सामान की खरीदारी करने सुबह रमवापुर गांव निवासी सूर्यप्रताप सिंह उर्फ वकील सिंह (26) पुत्र बासुदेव सिंह तथा बस्ती उमरा रसिया निवासी राजन सिंह (19) के साथ जिला मुख्यालय आया था।
यहां पर खरीदारी कर तीनों युवक दोपहर में बाइक से घर लौट रहे थे। वे हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक जब रामपुर टेपरा गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे मेें बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि तीनों युवक घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलवाकर सभी घायलोें को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन सूर्यप्रताप ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अन्य दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।