नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल लोग।
- फोटो : BAHRAICH
गायघाट (बहराइच)। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा के निकट ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवारों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। लखनऊ ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत घुमनाभारू के मजरा चितलहवा निवासी कुंभकरण (28) पुत्र मुन्ना और खैरीघाट थाना क्षेत्र के नकहा निवासी पवन (20) पुत्र राजबहादुर तथा अयोध्या प्रसाद (30) पुत्र राम सहारे बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। जबकि लखीमपुर की ओर से नानपारा की ओर से बोलेरो वाहन जा रहा था।
नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा के निकट बाइक सवार पहुंचे। तभी बोलेरो ने तेज टक्कर मार दी। जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर सभी को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष आरपी यादव ने बताया कि पवन पुत्र राजबहादुर को मेडिकल कालेज से लखनऊ रेफर किया गया था। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।