जरवलरोड (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर रिठौढ़ा मोड़ के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर घर में कोहराम मच गया।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के खासेपुर गांव निवासी भोला (35) पुत्र रामकेवल अपनी बाइक से शनिवार की देर रात जरवल कस्बा की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि लखनऊ-बहराइच मार्ग पर ग्रामसभा रिठौढ़ा मोड़ के पास जब यह पहुंचे तो सामने से बाइक सवार ने ठोकर मार दी।
भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पर सवार सुनील (20) पुत्र बाबू की की मौत हो गई, जबकि भोला (37), अंकित (17), अच्छन (25) व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। जरवलरोड थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।