जरवल (बहराइच)। कैसरगंज थाना क्षेत्र के ढढ़ैला गांव निवासी मां-बेटे बाइक से रिश्तेदारी में सीतापुर गए थे। सोमवार को दोनों लोग वापस घर आ रहे थे। दोपहर में युवक रास्ते में बाइक खड़ी कर मछली खरीदने जाने लगा। इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में जान गंवाने वाला युवक पूर्व ग्राम प्रधान का पुत्र है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत ढढ़ैला गांव निवासी आरिफ (35) पुत्र करम मोहम्मद अपनी मां को लेकर सीतापुर में बहन की ससुराल गया था। सोमवार को आरिफ अपनी मां के साथ वापस बाइक से घर आ रहा था। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र के घाघराघाट बाजार में आरिफ बाइक खड़ी कर मछली खरीदने के लिए जाने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।, जिससे युवक घायल हो गया।
सूचना पाकर पहुंचे उपनिरीक्षक बेदराम यादव ने ग्रामीणों की मदद से घायल को सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल का कहना है कि हादसे में जान गंवाने वाला युवक पूर्व ग्राम प्रधान का पुत्र है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।