बहराइच। भोड़ा कुड़वा गांव में सोमवार को तालाब किनारे शौच के लिए गई महिला की डूबकर मौत हो गई। देर रात घंटों तलाश के बाद परिजनों ने शव तालाब से बाहर निकाला। मोतीपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ग्राम भोड़ा कुड़वा निवासी रामसूरत ने बताया कि उनकी मां केतकी (50) सुबह घर से शौच के लिए गांव से कुछ दूर स्थित तालाब किनारे गई थीं। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। जब परिवार के लोग तालाब किनारे पहुंचे तो वहां केतकी की चप्पल मिली, जिसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश शुरू कर दी।
घंटों मशक्कत के बाद देर रात केतकी का शव बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची मोतीपुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।