मधुमक्खियां सेब के पेड़ों में पोलीनेशन प्रक्रिया में मदद करती हैं।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के शेखापुर गांव में गुरुवार को दोपहर खेत को जा रही एक महिला पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे सीएचसी विशेश्वरगंज से देर शाम जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था, यहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। परिवारीजन शव लेकर घर लौट गए हैं।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के शेखापुर गांव निवासी जयभूप सिंह की पत्नी रीता सिंह (52) दोपहर में खेत की देखभाल करने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उन पर मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा। रीता ने अपने को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन मधुमक्खियों ने हमला कर अपने डंक रीता के शरीर में चुभे दिए, जिससे रीता मौके पर ही बेहोश हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजन रीता को आनन-फानन में सीएचसी विशेश्वरगंज ले गए। स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान रीता की तबियत और बिगड़ गई। इस पर डॉक्टरों ने रीता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान गुरुवार देर रात रीता ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक मधुमक्खियों के हमले के चलते रीता के पूरे शरीर में डंक चुभे थे। जिससे पूरे शरीर में सूजन आ गई थी। सूजन के कारण सांस नली अवरुद्ध होने से रीता की मौत हुई।