बहराइच। गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती करवाई गई भिनगा निवासी सुषमा देवी (25) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मृतका के भाई ने जबरन विषाक्त खिलाकर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के भाई दयाराम ने आरोप लगाते हुए बताया कि बहन पर लगातार दहेज का दबाव बनाया जा रहा था। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जा रही थी। बृहस्पतिवार की रात उसके साथ मारपीट कर जबरन विषाक्त पदार्थ खिला दिया गया, इससे सुषमा की मौत हो गई। दयाराम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।