बहराइच के मंझारा तौकली गांव में मंगलवार दोपहर एक युवक पर भेड़िये ने हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि युवक संभल भी नहीं सका। उसके सीने और गर्दन पर गहरे घाव हुए हैं। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
दयालपुरवा गांव निवासी मिल्की राम (40) पुत्र दुजई मंगलवार दोपहर में घर से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत की ओर नित्यक्रिया के लिए गए थे। तभी गन्ने के खेत में पहले से घात लगाए बैठे भेड़िये ने उन पर झपट्टा मार दिया।
हमले में युवक के सीने और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ देखकर भेड़िया सरयू नदी की दिशा में कछार की झाड़ियों में भाग निकला। वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में भेड़िये की तलाश शुरू कर दी।
विज्ञापन
डीएफओ रामसिंह यादव ने बताया कि भेड़िये के हमले की सूचना मिलने के बाद टीम सक्रिय हो गई है। क्षेत्र में खोजबीन की जा रही है ताकि भेड़िये को पकड़ा जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।