खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र हरदी में नर भेड़िया के पकड़े जाने के बाद से हमले तेज हो गए हैं। बृहस्पतिवार रात जहां भेड़िये ने मासूम बालिका व वृद्धा पर हमला किया था तो वहीं शुक्रवार देर रात कांति, अजीत कुमार और पल्लवी पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल तीनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अचानक तेज हुए हमलों से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है।
ग्राम पंचायत गंगापुरवा निवासी कांति (7) शुक्रवार रात परिजनों के साथ सो रही थी। उसी दौरान अचानक पहुंचे भेड़िये ने उसे दबोच लिया ओर खेतों की ओर भागने का प्रयास किया। एकाएक हुए हमले से कांति दर्द से चिल्ला पड़ी जिससे परिजन जाग गए। परिजनों का शोर सुन भेड़िया उसे छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। परिजनों ने कांति को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। कांति की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इसके बाद भेड़िये ने इसी गांव के रहने वाले अजीत (12) पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों के जाग जाने पर भेड़िया अजीत को छोड़कर भाग गया। अजीत को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने रात भर खेतों में भेड़िये की तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। इस दौरान लोगों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया।
नागपंचमी मनाने ननिहाल आई पल्लवी भी हुई शिकार
बौंडी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजा रेहुआ निवासी पल्लवी (6) माता-पिता के साथ नागपंचमी मनाने अपनी ननिहाल हरदी थाना क्षेत्र के बैरागीपुरवा आई है। शुक्रवार रात वह खाना खाने के बाद पिता राजकुमार व मां के साथ सो रही थी। उसी दौरान पहुंचे भेड़िये ने उस पर हमला कर दिया। पल्लवी के चिल्लाने पर पिता की आंख खुली तो बेटी को भेड़िये के जबड़े में देख सहम गए। उन्होंने शोर मचाते हुए दौड़ाया तो भेड़िया भाग गया। पल्लवी के सिर व चेहरे पर गंभीर घाव हुए हैं। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
नर भेड़िया के पकड़े जाने के बाद हमले तेज
वन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को हरदी थाना क्षेत्र के सिसैया चूड़ामणि के कछार से एक भेड़िये को पकड़ा गया था जो नर है। उसे वन रेंज लाया गया है। उसके पकड़े जाने के बाद से हमले तेज हो गए हैं। बृहस्पतिवार को जहां दो तो वहीं शुक्रवार की रात तीन लोगों पर हमले हुए। ग्रामीणों में चर्चा है कि नर भेड़िये के पकड़े जाने से मादा ने हमले तेज कर दिए हैंं। वही कुछ ग्रामीण पकड़े गए भेड़िये की मां द्वारा हमला किए जाने की बात कह रहे हैं।
मांदों में पानी भरने से तेज हुए हमले
एक नर व एक मादा भेड़िये को पकड़ा जा चुका है। साथ ही अन्य को पकड़ने के लिए आठ टीमें, आधा दर्जन पिंजरे, टैपिंग कैमरा, जाल व ड्रोन लगाए गए हैं। इसके साथ ही मैं स्वयं गांवों में टीम के साथ कांबिंग कर रहा हूं। बाढ़ व बरसात का पानी मांदों में भरने से भेड़िये हमला कर रहे हैं। जल्द ही इन्हें पकड़ लिया जाएगा।
-अजीत सिंह, डीएफओ, बहराइच वन प्रभाग
भेड़िये के हमले से खौफजदा ग्रामीणों ने जाम किया हाईवे, काटा हंगामा
थाना क्षेत्र हरदी में लगातार जारी भेड़िये के हमले से खौफजदा लोगों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर सड़क पर उतर पड़े और बहराइच-सीतापुर मार्ग जाम कर दिया।
ग्रामीणों द्वारा हाईवे जाम करने की सूचना से पुलिस व वन विभाग में हड़कंप मच गया। आननफानन एसडीएम महसी अखिलेश कुमार, डीएफओ अजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार रविकांत द्विवेदी, हरदी थाना प्रभारी सुरेश वर्मा आदि मौके पर पहुंचे। सभी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। साथ ही जल्द ही भेड़िये को पकड़ने का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्रामीण बाबूराम, रामजी, पृथ्वी मिश्रा, राम सहारे, शकील अहमद, राजेश राव, सियाराम राव व मनोज कुमार शुक्ला आदि ने बिजली कटौती पर भी आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने बताया कि दहशत में सभी जाग कर रात गुजार रहे हैं लेकिन बिजली कटौती से अंधेरे का फायदा उठाकर भेड़िया हमला कर रहा है। एसडीएम ने बिजली व्यवस्था सही करवाने का आश्वासन दिया है।