बहराइच। शहर के विभिन्न मोहल्लों व चौक-चौराहों पर तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। कई स्थानों पर तार काफी नीचे तक झूल रहे हैं, जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है, लेकिन जिम्मेदारों ने न तो जर्जर तारों को बदलवाया है और न ही तारों को कसवाया है। ऐसा तब है, जब गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। जर्जर तारों से गर्मी में बिजली व्यवस्था भी धराशायी होने की आशंका है।
शहरी क्षेत्र में 65,656 बिजली उपभोक्ता हैं। जिनके घरों में विद्युत आपूर्ति के लिए बिजली विभाग ने तारों का जाल बिछाया है। कुछ स्थानों पर जहां खुले तारों से आपूर्ति दी जा रही है तो कई मोहल्लों में अंडर ग्राउंड लाइन है। लेकिन इन बिजली तारों को लेकर विभागीय जिम्मेदार सजग नहीं हैं। जगह-जगह खंभों पर तार लटक रहे हैं। वहीं, गर्मी की शुरुआत के साथ ही जर्जर तारों के टूटने व चिंगारी निकलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। तारों के टूटने से घंटों बिजली बाधित हो रही है और उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो जर्जर तारों को बदला गया है और न ही उन्हें कसा गया है।
झूलते तारों से कई बार ई रिक्शों में उतरा करंट
शहर के नाजिरपुरा पूर्वी में विद्युत पोल से लंबे-लंबे तारों के सहारे आपूर्ति दी जा रही है, जो पुरानी होने के चलते काफी नीचे झूले रहे हैं और कई स्थानों पर कटे हुए हैं। जिनके चलते आए दिन घटनाएं हो रही हैं। तारों के लटकने का आलम यह है, कई बार ई-रिक्शों को छू जाते हैं। मार्च माह में तार एक ई रिक्शे को छू गया था। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया था।
लटक रहे कटे हुए तार
ब्राह्मणीपुरा मोहल्ले में जैन मंदिर से बड़ीहाट मोहल्ला जाने वाले मार्ग स्थित विद्युत पोलो पर तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। वहीं, कटे हुए झूल रहे हैं, जिनसे हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगोंं ने बताया कि झूलते तारों से आए दिन चिंगारी निकलती है, इससे आग लगने का डर सताता रहता है। बीते दिनों निकले जैन समाज की झाकियों के दौरान भी हादसा होते-होते बचा था। झांकियों को तारों से टकराने से बचाने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी थी।
तार टूटने से बिजली होती है बाधित
बरहियापुरा मोहल्ले में कचहरी रोड से बड़ीहाट जाने वाले मार्ग पर स्थित तारों की स्थिति बेहद खराब हैं। आलम यह है कि आए दिन शाॅर्ट सर्किट से तार टूटकर गिर जाते हैं। कई बार तारों के गिरने से हादसे होते-होते बचे। वहीं, लगातार टूट रहे तारों के चलते मोहल्ले वासियों को घंटों बिना बिजली के रहना पड़ता है। मोहल्ले वासियों ने कई बार इसकी शिकायत विभाग से की है, लेकिन अभी तक तारों को बदला नही गया है। जिसको लेकर लोगों में आक्रोश है।
बदले जा रहे तार
शहर के विभिन्न मोहल्लों में मौजूदा समय में जर्जर विद्युत तारों के बदलवाने का कार्य चल रहा है। कई क्षेत्रों में तारों को बदला जा चुका है। शीघ्र ही जांच कराकर तारों को बदलवा दिया जाएगा।
- मुकेश कुमार, एसडीओ विद्युत सदर क्षेत्र