बौंडी (बहराइच)। तेजवापुर ब्लॉक के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक पर उनकी ही पत्नी ने फर्जी हस्ताक्षर कर गायब रहने का आरोप लगाया है। शिक्षक की पत्नी अंजली ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पति का एक शिक्षिका के साथ संबंध है। जिसके चलते उनके पति विद्यालय में फर्जी हस्ताक्षर कर गायब रहते हैं।
उन्होंने बताया कि पांच फरवरी को विद्यालय के रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर थे, जबकि पति गायब रहे। वहीं, बृहस्पतिवार को 11:30 बजे जब वह स्कूल पहुंचीं तो शिक्षक पति गायब रहे। प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने बताया कि बुधवार को उपस्थिति पंजिका पर शिक्षक का हस्ताक्षर मिला था, लेकिन वे स्कूल नहीं आए थे। शिक्षक ने छह फरवरी से आठ फरवरी तक ऑनलाइन छुट्टी ले रखी है।
शिक्षक और पत्नी के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। पति-पत्नी अलग-अलग रहते हैं। विवाद के कारण शिक्षक की पत्नी गांव के लोगों से पति के स्कूल आने-जाने के बारे में जानकारी लेती रहती है। शिक्षक मेडिकल अवकाश पर है। जांच की जाएगी।
- अनुराग मिश्रा, बीईओ तेजवापुर