नवाबगंज में दुकान में दबंगों द्वारा तोड़फोड़ के बाद पड़ा सामान।
नवाबगंज (बहराइच)। कस्बा स्थित किराना दुकान संचालक द्वारा बकाया रुपये मांगने पर कुछ दबंगों ने उसकी दुकान में तोड़फोड़ की। वहीं दुकान का सामान निकालकर बाहर फेंक दिया। स्थानीय दुकानदारों के इकट्ठा होने पर दबंग मौके भाग गए।
नवाबगंज क्षेत्र के कबड़ियन गांव निवासी अजीज अहमद कस्बे में किराने की दुकान चलाते हैं। अजीज ने आरोप लगाते हुए बताया कि लगभग सात साल पहले कबड़ियन गांव निवासी कैसर ने रोजी-रोटी के लिए दाल बेचने की बात कही थी। साथ ही उनसे 65 हजार 300 रुपये की दाल उधार लेकर गए थे। इसके बाद रुपये वापस नहीं किए। लगातार वर्षों तक रुपये मांगने के बाद भी जब कैसर ने रुपये नहीं दिए तो सोमवार को उन्हाेंने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। इससे कैसर भड़क गया और दोस्तों के साथ पहुंचकर उनकी दुकान में तोड़फोड़ की और सामान सड़क पर फेंक दिया। पीड़ित ने बताया कि हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी रमाशंकर यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।