खैरीघाट थानाक्षेत्र के ग्राम महंतपुरवा बांसगढ़ी में प्रेमी-प्रेमिका द्वारा फांसी लगाकर मौत के ब
शिवपुर/खैरीघाट (बहराइच)। प्रेमिका की शादी होने से क्षुब्ध ग्राम पंचायत बांसगढ़ी के मजरा महंतपुरवा निवासी प्रमुख (19) ने बुधवार की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रमुख की मौत की सूचना मिलने पर उसकी प्रेमिका अंजलि उर्फ दुर्गा (18) भी फंदे से झूल गई। दो-दो मौतों से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची खैरीघाट पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रमुख व अंजलि दोनों पड़ोसी थे। दोनों के बीच लगभग दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था लेकिन बीते सात जून को अंजलि के परिजनों ने उसकी शादी मांझा दरिया बुर्द निवासी मुन्ना के साथ कर दी। जिसके बाद से प्रमुख अवसाद में रह रहा था। बुधवार की सुबह प्रमुख ने गांव निवासी नवल के गन्ने के खेत के पास लगे बबूल के पेड़ से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
प्रमुख का शव देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी तो परिवार में मातम छा गया। परिजनोंं को बिलखता देख अंजलि को भी प्रमुख के फांसी लगाने की जानकारी हो गई। प्रेमी के मरने से आहत अंजलि ने प्रमुख की मौत के घटनास्थल से 100 मीटर दूर पेड़ में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अंजलि की मौत की सूचना से उसके परिजनों में भी कोहराम मच गया। एक साथ दो-दो मौतों से गांव में मातम व सन्नाटा पसर गया। घटना की सूचना पर खैरीघाट थाना प्रभारी सूरज राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
पहले प्रमुख ने और फिर अंजलि ने फांसी लगाई है। गांव में प्रेम-प्रसंग की वजह से आत्महत्या करने की चर्चा है। हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौतों के सही कारणों का पता चलेगा।
- सूरज राणा, थाना प्रभारी