फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: खेत में ट्रैक्टर ले जाने पर खूनी संघर्ष, एक की मौत, दो घायल

Wed, 11 Nov 2026 12:04 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज में बिलखते हुए मृतक के परिजन। - संवाद
विज्ञापन
बहराइच। रामगांव क्षेत्र के मुरावन पुरवा में सोमवार सुबह खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके भाई को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में एक ही पक्ष के 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गंभीरवा चौकी क्षेत्र के मुरावन पुरवा निवासी साबित अली (50) के परिवार का गांव के ही जुनाब अली के परिवार से खेत को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें साबित अली, उनके भाई ताहिर (55) और मां सइफन (70) गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह संघर्ष शांत कराया।
विज्ञापन


इसके बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने साबित अली को मृत घोषित कर दिया। ताहिर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि सइफन का इलाज चल रहा है।

जिला अस्पताल पहुंचीं साबित अली की पत्नी अर्शिया बेगम ने आरोप लगाया कि खेत को लेकर पुरानी रंजिश में दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया।

महसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन कुमार ने बताया कि खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर एक ही पक्ष के 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रामगांव थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी मामले की जांच कर रहे हैं।

हमला करने के सात आरोपी गिरफ्तार
बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि रामगांव के मुरईपुरवा में दो पक्षों में विवाद के बाद युवक की हुई मौत के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मुबारक अली, जव्वाद, दौलत अली, जुनाब अली, जैनब बेगम, नसीमुन निशा और आशिया बेगम शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चार डंडे और लाठियां बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें