रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर पर आने-जाने वाले लोगों की जांच करती पुलिस।
बहराइच। भारत-पाक तनाव के बीच नेपाल ने भी भारत के सहयोग में बाॅर्डर पर नियम सख्त किए हैं। अब भारत की ही तरह नेपाल में भी दस किलोमीटर तक कोई भी ड्रोन नहीं उड़ा सकता है। इसके अलावा बांग्लादेश से आने वाली जमात पर नेपाल की खुफिया एजेंसी निगाह रख रही हैं। दोनों ओर बराबर गश्त भी हो रहा है।
भारत-पाक के बीच तनाव के बाद जिले में सुरक्षा दो स्तर की कर दी गई है। पहले स्तर पर एसएसबी नो मेंस लैंड पर तैनात है। वहां उसने स्थायी चौकियां बना ली हैंं। इसी के साथ ही एसएसबी ने गश्त को बढ़ा दिया है। दूसरे स्तर पर जिला पुलिस की तैनाती है। इसमें नई सुरक्षा जांच चौकी बनाई गई है। इसके साथ बैरियर पर पुलिस को तैनात किया गया है। रविवार रात को एसपी राम नयन सिंह एएसपी डीपी तिवारी के साथ सीमा के नो मेंस लैंड पर गश्त की। वहां उनके साथ एसएसबी के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस संबंध में एसएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि अभी सीमा पर कैंप किया जा रहा है। सभी आने जाने वालों पर निगाह रखी जा रही है। पहले से सीमा पर बनाए गए सेक्टर के हिसाब से ही सुरक्षा व्यवस्था है।
नेपाल ने भी नियम किए सख्त
भारत व पाक सीमा पर तनाव को देखते हुए नेपाल ने भी भारतीय सीमा पर नियम को सख्त किया है। अब नेपाल में भी बॉर्डर से 10 किलोमीटर तक कोई भी शादी विवाह में ड्रोन नहीं उड़ा पाएगा। सीमा के बंद होने के बाद किसी को भी न तो आने दिया जाएगा और न ही जाने दिया जाएगा। बांग्लादेशियों को भारत सीमा की ओर न जाने को कहा गया है। इसके साथ ही उन पर नेपाल का खुफिया विभाग नजर रखे है।