बहराइच। अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड डे के अवसर पर वन प्रभाग बहराइच की ओर से मैला ताल के तट पर बर्ड वाचिंग फेस्टिवल व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डीएम ने तराई के इस जिले में प्राकृतिक विविधता के कारण यहां 450 से अधिक प्रजाति के पक्षियों के प्रवास की जानकारी दी। इसके साथ ही कतर्नियाघाट में भी जगह-जगह आयोजन हुए।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर डीएम व सीडीओ ने प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह, एसडीएम महसी एसएन त्रिपाठी व वन्यजीव प्रेमियों के साथ तालाब के तट पर भ्रमण कर दूरबीन से बर्ड वाचिंग तथा प्रकृति के नजारों का आनंद लिया। तालाब के किनारे बर्ड वाचिंग के उद्देश्य से किये गये भ्रमण के दौरान सारस, गंगा मैना, पनकौआ, टिटहरी, गजपांव, बगुला, तोता, बुलबुल, हुदहुद, हरियल, महोका, फाख्ता, जंगली कबूतर, किंग फिशर, टेलीबर्ड, लालसर, सुर्खाब, जलमुर्गी आदि पक्षियों की साइटिंग होने पर सभी लोग काफी उत्साहित हुए। डीएफओ ने छात्र-छात्राओं को पक्षियों के बारे में आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि लगभग छह किलोमीटर भूभाग में विस्तार लिए हुए मैलाताल में सालभर पानी भरा रहता है तथा ग्रासलैंड से घिरे होने के कारण ये स्थान स्थानीय तथा प्रवासी पक्षियों के लिए वास स्थल है।
जिलाधिकारी शंभू कुमार ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों, वेटलैंड तथा पक्षियों के संरक्षण के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार तथा वन विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। परंतु ऐसे संरक्षण के कार्यक्रम में जनमानस की सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों की सोच में परिवर्तन लाकर ही वेटलैंड को सुरक्षित और संरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तराई में करीब 450 प्रजातियों के पक्षियों का प्रवास रहता है।
विशिष्ट अतिथि सीडीओ अरविंद चौहान ने कहा कि जहां तक बहराइच का प्रश्न है रिवराइन, रिवर बैंक वाटर और आक्सबोलेक के कारण कतर्नियाघाट के वेटलैंड को यूनीक कहा जा सकता है। कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार के 18 प्रतिशत क्षेत्रफल पर वेटलैण्ड हैं। ऐसे में ये जनपद प्रवासी पक्षियों के लिए बेहतरीन आशियाना है। इस मौके पर तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा, एसडीओ वन पीएस पांडेय व नानपारा के पीएस त्रिपाठी, डीके सिंह, एके सिद्दीकी, डॉ. जयंत कुमार, सरजू खान आदि मौजूद रहे।
बर्ड वाचिंग फेस्टिवल व क्विज में संत पथिक इंटर कॉलेज मरौचा़ व ठाकुर आरपी, सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरा बाजार के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में संत पथिक विद्यालय के छात्र अक्षय वर्मा, दीपक सिंह व रोहित श्रीवास्तव ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिनको जिलाधिकारी शंभू कुमार व सीडीओ अरविंद चौहान ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर खैराबाजार की छात्रा आराध्या सिंह व मुन्नी पाल ने सरस्वती वंदना तथा तबस्सुम व तरन्नुम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।