बहराइच के केडीसी में आयोजित क्रिकेट मैच में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। किसान पीजी कॉलेज के मैदान में शनिवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित मैत्री मैच में वेदवान क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केडीसी क्रिकेट क्लब को तीन विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में केडीसी क्रिकेट क्लब के कप्तान साबू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 50 ओवरों के मुकाबले में केडीसी की टीम 34वें ओवर में 193 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से किशन वर्मा ने सर्वाधिक 37 रन और मोहित पाठक ने 29 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे।
वेदवान क्लब की ओर से गेंदबाजी प्रभावी रही। सुधांशु यादव ने तीन विकेट झटके, जबकि हरेंद्र वेदवान, शोएब अब्बासी और अफजल शाह ने दो-दो विकेट हासिल कर केडीसी की बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदवान क्लब की टीम ने शुरुआत धीमी लेकिन संभलकर की। मध्यम क्रम के बल्लेबाजों के सहयोग से टीम ने 31वें ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाकर मैच तीन विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से शोएब अब्बासी ने नाबाद 32 रन और नीरज कुमार ने 27 रन की उपयोगी पारी खेलकर जीत में अहम योगदान दिया।
केडीसी की ओर से उपमन्यु बाजपेयी और मोहित पाठक ने तीन-तीन विकेट लिए। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी प्रदीप गुप्ता और आशुतोष कैराती ने निभाई, जबकि समीर शुक्ला ने स्कोरर की भूमिका अदा की। मैदान पर जुटे खेल प्रेमियों ने रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।