रुपईडीहा पुलिस द्वारा बरामद की गईं बाइक। -स्रोत : विभाग
बहराइच। रुपईडीहा पुलिस ने शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से अलग-अलग इलाकों से चोरी की गईं 16 बाइक बरामद की गईं। पकड़े गए आरोपियों में से दो नेपाल के रहने वाले हैं, जो भारतीय क्षेत्र से वाहन चोरी कर नेपाल में बेचते थे। इतना ही नहीं, नेपाल से चोरी कर लाए गए वाहनों को भारतीय क्षेत्र में भी खपाते थे।
अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि रुपईडीहा थाना प्रभारी रमेश रावत टीम के साथ शुक्रवार की रात पचपकड़ी चौराहे पर संदिग्ध लोगों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। पुलिस ने रोककर जब कागज मांगे, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने दोनों वाहनों को चोरी का बताया।
सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने चकिया जंगल में चोरी की 14 और बाइक छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं सभी बाइक बरामद कर थाने लाई।
एएसपी ने बताया कि जावेद, कमरुद्दीन व सुहेल नाम के तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जावेद व कमरुद्दीन नेपाल के बांके के निवासी हैं, जबकि सुहेल बुलंदशहर जनपद का रहने वाला है। गिरोह के अन्य साथियों व मददगारों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।