बहराइच। नानपारा-बहराइच मार्ग पर देर शाम बाइक सवार फेरी व्यवसायियों को बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
शाहजहांपुर जिले के नवाबपुर निवासी दिलीप (25) पुत्र रामपाल और बाबूराम (30) पुत्र शोभाराम जिले में फेरी व्यवसाय का काम करते हैं। वे ग्रामीण क्षेत्रों में कपड़े बेचने के लिए प्रतिदिन जिला मुख्यालय से जाते थे। रविवार को वे रिसिया की ओर बाइक से गए थे। देर शाम कपड़े बेचकर दोनों व्यवसायी लौट रहे थे।
नानपारा-बहराइच मार्ग पर रामगांव थाना क्षेत्र के बभनी पुल के निकट बहराइच की ओर से जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक समेत दोनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों युवकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उनको ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों युवकों के साथ परिवार के किसी भी सदस्य के न होने के कारण अभी भी उनका इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है।