सड़क हादसों में गई दो लोगों की जान
- फोटो : अमर उजाला
नानपारा-नवाबगंज मार्ग पर शंकरपुर चौराहे के पास लखैया गांव के सामने दो बाइकों की सोमवार देर शाम आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत नानपारा-नवाबगंज मार्ग पर शंकरपुर चौराहे से 100 मीटर पहले लखैया गांव के सामने देर शाम को दो बाइकें आपस में टकरा गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार के चलते बाइकों में टक्कर हुई।
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर नानपारा पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों को एकत्रित किया गया। इस पर एक मृतक की पहचान निजाम खां (26) पुत्र इदरीश निवासी मरकली मल्हीपुर व बैरागीगांव शंकरपुर निवासी नसीरुद्दीन (28) पुत्र अकबर के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घायल युवक भी बेहोश है, उसकी शिनाख्त अजीज (25) पुत्र झब्बू निवासी मल्हीपुर के रूप में हुई। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।