औरैया में कैश के साथ पकड़ा गया कोचिंग संचालक
- फोटो : SELF
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रहे तलाशी अभियान के तहत रविवार को दोपहर उड़ाका दल ने बेहड़ा-राजीचौराहा मार्ग पर राजापुरवा गांव के पास विदेशी और भारतीय मुद्रा के साथ दो युवकों को धर दबोचा। उनके पास से भारतीय मुद्रा के अलावा नेपाल और कतर की करेंसी बरामद हुई है। दोनों युवक नकदी का हिसाब नहीं दे सके। इस पर नकदी सीज कर युवकों का ब्यौरा दर्ज किया गया है।
उड़ाका दल द्वितीय के प्रभारी मजिस्ट्रेट सत्यदेव सिंह, एसआई अभय सिंह व दिलीप कुमार सिंह दोपहर में बेहड़ा-राजीचौराहा मार्ग पर राजापुरवा गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बेहड़ा निवासी वसीम और गुलाम अली बाइक पर सवार होकर निकले।
दोनों को रोक कर तलाशी ली गई तो उनके पास से 69500 रुपये भारतीय मुद्रा, 100-100 के छह नोट कतर की करेंसी व 950 रुपये नेपाली बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों युवक नकदी का हिसाब नहीं दे सके। इस पर बरामद भारतीय, नेपाली व कतर की मुद्रा को सीज कर कोषागार भेज दिया गया है।
मजिस्ट्रेट सत्यदेव सिंह ने बताया कि दोनों युवकों का ब्यौरा दर्ज कर पूछताछ करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि दर्जन भर से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई, लेकिन अन्य वाहनों में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं बरामद हुआ।