बहराइच/फखरपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
फखरपुर थाना क्षेत्र के कुंडासर गांव निवासी सोमेंद्र कुमार (18) पुत्र राजेंद्र प्रजापति और मनोज (20) पुत्र राधेलाल बाइक से मंगलवार को जिला मुख्यालय आए थे। देर रात बाइक सवार घर के लिए रवाना हुए। वे लखनऊ-बहराइच मार्ग पर मदनकोठी गांव के पास पहुंचे, तभी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। हादसे में मौके पर ही सोमेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि मनोज कुमार घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत नाजुक देख उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, खैरीघाट थाना क्षेत्र के प्रधानपुरवा चौकसाहार निवासी किसान उमेश (19) पुत्र लाल बहादुर यादव ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर चीनी मिल नानपारा जा रहा था। सोमवार रात करीब आठ बजे ट्रैक्टर बसंतापुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबकर उमेश की मौत हो गई। वहीं, बहराइच-सीतापुर हाईवे पर मानपुरवा के पास ट्रैक्टर और ट्रक में भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया है।