बहराइच। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक महिला और युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ही मामलों में परिजन कारणों को लेकर हैरान हैं।
बौंडी गांव निवासी पूजा (26) ने बृहस्पतिवार की रात अपने कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के ससुर विजय कुमार ने बताया कि पूजा का पति दिलीप सिंह हैदराबाद में पेंटिंग का काम करता है। सुबह जब काफी देर तक पूजा कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिवार वालों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर खिड़की से झांककर देखा गया, तो वह फंदे से लटकी हुई थी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बौंडी पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ससुर विजय कुमार ने बताया कि दो दिन पहले ही बेटे दिलीप ने रक्षाबंधन के लिए पूजा को पैसे भी भेजे थे। घर में किसी चीज की कमी नहीं थी, ऐसे में आत्महत्या की वजह किसी को समझ नहीं आ रही। पूजा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। बौंडी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं, कोतवाली देहात क्षेत्र के बहादुरचक गांव निकवासी बिकाऊ (38) ने बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे घर की छत पर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक के भाई रामू ने बताया कि बिकाऊ शराब का अत्यधिक सेवन करते थे और अक्सर अपनी निजी परेशानियों को लेकर तनाव में रहते थे। परिवार वालों ने जब उन्हें फंदे से लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घरवालों का कहना है कि बिकाऊ मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा बड़ा कदम उठा लेंगे।