चित्तौरा/धरसवां। सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शिवपुर के टिकानपुरवा निवासी कमर अहमद ने बताया कि उनकी चाची शफीकुन (47) अपने बेटे रिजवान के साथ रविवार सुबह बाइक से खेत जा रही थीं। टिकानपुरवा चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल शफीकुन को नानपारा सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, सोनवा क्षेत्र के करकंदू निवासी राज कुमार वर्मा (20) शनिवार शाम अपने रिश्तेदारी में जा रहे थे। बहराइच-गोंडा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राज कुमार को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।