बहराइच। शहर अब जगमगाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने 1.11 करोड़ रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट, तिरंगा लाइट, यात्री शेड और विद्यालय के सुंदरीकरण की कार्ययोजना तैयार की है। इस परियोजना का बजट स्वीकृत हो चुका है, निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया गया है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल ने बताया कि यह कार्य स्टांप शुल्क से प्राप्त राशि के अंतर्गत कायाकल्प योजना के तहत कराया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को निखारा जाएगा। विद्यालयों और यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि श्यामकरन टेकड़ीवाल ने बताया कि परियोजना के तहत महाराणा प्रताप चौक से नगर पालिका तक और अग्रसेन चौक से रेलवे स्टेशन तक के मार्गों पर बिजली के आधुनिक खंभे और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही तिरंगा थीम वाली एलईडी लाइटें भी सजाई जाएंगी, इससे शहर रात में भी आकर्षक और जगमग दिखाई देगा।
उन्होंने बताया कि रात में अंधेरा पसर जाने के कारण आवागमन में दिक्कत होती है, लेकिन अब शहर की सड़कों पर उजाला और सुरक्षा, दोनों मिलेगी। इससे बहराइच शहर की रौनक भी बढ़ेगी।
कायाकल्प योजना के अंतर्गत मोहल्ला अकबरपुरा और बड़ी हाट स्थित बेसिक शिक्षा परिषद के दो प्राथमिक विद्यालयों का भी कायाकल्प कराया जाएगा। विद्यालय भवनों का रंग-रोगन, दीवारों पर आदर्श वाक्य लेखन और फर्नीचर की नई व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए डीएम चौराहे के निकट बौद्ध परिपथ पर यात्री शेड का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इसके बन जाने से गर्मी और बरसात के मौसम में राहगीरों को छांव और ठहरने की सुविधा मिलेगी।
परियोजना की लागत और प्रगति
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, इस पूरी परियोजना पर 1 करोड़ 11 लाख 81 हजार 365 रुपये खर्च किए जाएंगे। बजट को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है, काम तेजी से प्रगति पर है। परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि का दावा है कि अगले सप्ताह तक शहर जगमग दिखाई देगा।