जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हुई है जबकि कार पर पेड़ गिरने से एक वकील घायल हुआ है। घायल वकील को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत निधिपुरवा गांव निवासी राणा प्रताप सिंह (48) पिकप वाहन का चालक था। गुरुवार दोपहर बाद वह पिकप वाहन को मिहींपुरवा से बिछिया की ओर लेकर जा रहा था। मिहींपुरवा-बिछिया मार्ग पर बरुहा खाली नामक स्थान पर पिकप अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में राणा प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया लेकिन लखनऊ ले जाते समय रास्ते में राणा प्रताप ने दम तोड़ दिया। उधर नवाबगंज थाना अंतर्गत मंसू गांव निवासी शिव प्रसाद अपनी 42 वर्षीय पत्नी किरन उर्फ कानी को बाइक पर बिठाकर रिश्तेदारी में भटपुरवा जा रहे थे। गुरुवार शाम पांच बजे के आसपास जब वह मंडरहवा पुल के पास पहुंचे। तभी बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। शिव प्रसाद तो सुरक्षित बच गए, लेकिन किरन के सिर में चोटें अधिक लगीं। उसे जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन रास्ते में ही किरन ने भी दम तोड़ दिया।
उधर कोतवाली देहात अंतर्गत ढपालीपुरवा निवासी वकील सुभाषचंद्र पांडेय (55) अपनी कार से बुधवार शाम को महाराजगंज बाजार निजी कार्य से गए थे। देर रात वह लौट रहे थे। कोतवाली देहात अंतर्गत मेटुकहा चौराहे के निकट एक पेड़ उनकी कार पर आ गिरा। जिसमें सुभाष को काफी चोटे आईं हैं। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वकील के मुताबिक कुछ लोग सड़क किनारे लगे पेड़ को काट रहे थे। लेकिन आने-जाने वालों को सचेत करने की कोई व्यवस्था नहीं थी जिसके चलते हादसा हुआ है।