बहराइच। रायबोझा व सहाबा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंताओं (जेई) को ओटीएस योजना में लापरवाही बरतने पर बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया गया। दोनों अभियंताओं पर गाज के बाद बिजली महकमे में अफरातफरी का माहौल है।
सरकार की ओर से मौजूदा समय विभाग की राजस्व वसूली के लिए विद्युत बकायेदारी से वसूली करने को लेकर एक मुश्त समाधान योजना को संचालित है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय नानपारा क्षेत्र स्थित उपकेंद्र रायबोझा के अवर अभियंता पंचम लाल को क्षेत्र के 10 हजार 975 बकायेदारों से राजस्व वसूली की लक्ष्य दिया गया था। अवर अभियंता द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष महज 213 उपभोक्ताओं को ही योजना से लाभान्वित किया।
विद्युत उपकेंद्र सहाबाबाद पर तैनात अवर अभियंता रामगोपाल अनमोल अपने कार्यक्षेत्र से 24 नवंबर से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। ऐसे में ओटीसी योजना को गति नहीं मिल रही थी। अवर अभियंता अनमोल को विद्युत वितरण मंडल बहराइच के अधीक्षण अभियंता सुरेश कुमार ने लापरवाही पर निलंबित करते हुए विद्युत वितरण खंड तृतीय कैसरगंज से संबद्ध कर दिया है।