बहराइच। कोरोना संक्रमण से पीड़ित बुजुर्ग व ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार प्रोटोकॉल के तहत करा दिया गया है। वहीं, जिले में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। स्वास्थ्य टीम द्वारा शिविर लगाकर कोरोना की जांच की गई। आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए।
हुजूरपुर विकास खंड के जोलाही गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना संक्रमित था। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज के एल-2 अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, नाईपुरवा गांव निवासी 45 वर्षीय कोरोना संक्रमित ग्रामीण का इलाज लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था। ग्रामीण की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शवों का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जांच रिपोर्ट में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें जरवल विकास खंड के बढ़ौली निवासी महिला व पुरुष पॉजिटिव निकले हैं। इनमें पुरुष लखनऊ में भर्ती है। जबकि पयागपुर में दो, कैसरगंज, हुजूरपुर व बलहा के एक-एक लोग संक्रमित निकले हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की जांच की गई।
पयागपुर के बीपीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि 52 एंटीजन और 36 आरटीपीसीआर जांच हुई। मोतीपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा ने बताया कि 55 एंटीजन और 42 आरटीपीसीआर जांच की गई। नानपारा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने बताया कि स्वास्थ्य टीम ने 49 एंटीजन और 33 आरटीपीसीआर जांच की। बलहा के बीपीएम अजय यादव ने बताया कि 46 एंटीजन और 26 आरटीपीसीआर जांच की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ.अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि तीन स्थानों पर लगाया गया। स्वास्थ्य टीम ने 85 एंटीजन और 56 आरटीपीसीआर जांच की। कुल 287 एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच के लिए 193 सैंपल लखनऊ भेजे गए हैं।