बहराइच। हरदी इलाके में बुधवार देर रात सराफा व्यवसायी से तमंचे के बल पर जेवर और नकदी से भरा बैग लूटने के मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, एसओजी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
भगवानपुर चौराहे पर सराफा की दुकान चलाने वाले रमपुरवा गांव निवासी अभिषेक रस्तोगी बुधवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रमपुरवा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। इसके बाद तमंचा दिखाकर जेवर और नकदी से भरा बैग छीनकर भाग गए थे।
एक बदमाश ने अपना मोबाइल मौजनपुरवा गांव के निकट फेंका था, वह मोबाइल गांव निवासी लंबू को मिला था, पुलिस ने लंबू के साथ एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हरदी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए, मामले में पूछताछ और जांच जारी है।