फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: तेज बारिश से दो मकान ढहे, घरों में घुसा पानी

Mon, 11 Sep 2023 11:37 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। तराई में रविवार रात शुरू हुई बारिश सोमवार दोपहर तक जारी रही। दो कच्चे मकान धराशायी हो गए। शहर के कई मोहल्ले टापू बन गए। लोगों के घरों व दुकानों में पानी घुस गया। मार्गों पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन में दिक्कत हुई। बारिश ने नगर पालिका प्रशासन के शहरीकरण व बेहतर जलनिकासी के दावों की पोल खोल दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी बारिश से जलभराव की स्थित रही। बिजली गिरने से कई स्थानों पर पेड़ व मकान धराशायी हो गए। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ।
विज्ञापन



बारिश से शहर का बक्शीपुरा मोहल्ला टापू बन गया। घरों में भी पानी घुस गया। अकबरपुरा, घोसियाना, घसियारीपुरा, ब्राह्मणीपुरा, माधवरेती, सरस्वती नगर, पटेल नगर, नौवागढ़ी आदि मोहल्लों के निचले इलाके में भीषण जलभराव रहा। पटेल नगर व सरस्वती नगर जाने वाले रास्ते पर लगभग तीन फीट तक पानी भरा रहा। जिसके चलते लाेगों को आवागमन में भी परेशानी हुई। कई लोगों की बाइकें पानी के चलते खराब हुई।

पुलिस लाइन के पास आवासीय मकानों के बाहर भीषण जलभराव हुआ। छोटी बेरिया मंदिर परिसर, दोनक्का तिराहा के पास स्थित मंदिर परिसर में भीषण जलभराव रहा। चित्तौरा विकासखंड के डीहा पंचायत भवन,प्रधानमंत्री समृद्धि केन्द्र भी जलभराव की जद में रहा। इसके साथ ही चौक बाजार, स्टीलगंज बाजार में भी जलभराव के चलते दुकानदारों व ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन



फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तखवा के मजरा केतारपुरवा बड़नापुर निवासी ललन का कच्चा मकान सोमवार सुबह गिर गया। इसमें रखा गृहस्थी का सामान खराब हो गया। हालांकि कोई चोटिल नहीं हुआ। ग्राम कुड़ासपारा निवासी अमरनाथ का मकान भी गिर गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी।



दुकानों में घुसा पानी, सड़क पर चलना दूभर
शहर में पीपल तिराहा के पास से कचहरी जाने वाले मार्ग पर लगभग चार फीट तक पानी भर गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरण टेकड़ीवाल व नगर पालिका अध्यक्ष सुधा देवी के घर के सामने भी घुटनों तक पानी भरा रहा। स्थानीय दुकानदारों आजाद, आजम, सादिक आदि की दुकान में पानी भर गया।
आर्यावर्त बैंक की मुख्य शाखा परिसर भी जलभराव की जद में रहा। अस्पताल चौराहे के पास से पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग की स्थिति बेहद खराब रही। वहां कमर के बराबर पानी रहा। जिसके चलते दो दर्जन से अधिक वाहन बंद हो गए। यही आलम स्टेडियम के सामने भी देखने को मिला। यहां कई फीट पानी के बीच से लोगों को गुजरते देखा गया।



घरों में पानी घुसने से खराब हुए सामान
बहराइच/विशेश्वरगंज। झमाझम बारिश से सरस्वती नगर व पटेल नगर मोहल्ले में लोगों के घरों में पानी घुस गया। जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ। पटेल नगर निवासी अविनाश शुक्ला, शत्रोहन लाल, कृष्णा आदि ने बताया कि पानी भरने से राशन व अन्य सामान खराब हो गए। पटेल नगर मोहल्ले में दो दर्जन से अधिक लोगों के घर जलमग्न हुए। कुशमेन्द्र सिंह, अलगू, दीनानाथ, उत्तम पांडेय आदि ने बताया कि किचन व बेडरूम तक में पानी घुस गया है। मोहल्ले में सभासद आशीष सिंह ने बताया कि डीएम मोनिका रानी से मुलाकात कर समस्या की जानकारी दी है।

बारिश से विशेश्वरगंज बाजार में जलभराव रहा। लोगों के घरों व दुकान में पानी भरा। स्थानीय निवासी धनीराम वैश्य, भाने सिंह, गुल्ले बाबा आदि ने बताया कि उनके साथ एक दर्जन से अधिक लोगों के घरों में पानी घुसा है। इसका कारण लोगों ने सड़क के किनारे डाली जा रही पाइपों को बताया।


मेडिकल कॉलेज बना टापू, गिर गईं बाइकें
मेडिकल कॉलेज परिसर में इस कदर जलभराव हुआ कि वहां खड़ी कई बाइकें पानी के बहाव से गिर गईं। परिसर में भीषण जलभराव के चलते मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रावस्ती निवासी सूबेदार गौतम, महसी निवासी निरंजन मिश्रा,फखरपुर निवासी अखिलेश, रोहित अवस्थी आदि ने बताया कि सुबह से ही ऐसी स्थिति है। कई तीमारदार गिरकर चोटिल हो चुके हैं।


बिजली गिरने से मकान में दरार
खैरीघाट/रिसिया। शिवपुर विकासखंड के मुरावनपुरवा गांव में सोमवार सुबह तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। इससे हाईटेंशन तार जलकर नीचे गिर गया। ग्राम पंचायत तिगड़ा के मजरा तूलापुरवा निवासी अंगनू के घर की सीढ़ी पर बिजली गिरी। जिससे इसमें दरार आ गई। कोई हताहत नहीं हुआ।
महसी विकासखंड के ग्राम पंचायत गरेठी गुरुदत्त सिंह के ठकुरन गरेठी निवासी दिलीप कुमार सिंह का टिन शेड का मकान बारिश के चलते धराशायी हो गया। टिन शेड के नीचे खाना बना रही दिलीप सिंह की पत्नी प्रियंका चोटिल हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल कदीर खान ने बताया है कि तहसील प्रशासन को सूचना दी गई है।

रिसिया में बारिश से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण जलभराव रहा। भगतापुर गांव में बिजली गिरने से बृजलाल की भैंस की मौत हो गई। भीषण बारिश के चलते क्षेत्र के बंगला चक, आजाद नगर, मलुवा, भखुरहा आदि निवासी मक्का किसानों को भी भारी नुकसान हुआ। किसान सुरेश प्रताप सिंह, जय करण, राजेश तिवारी आदि ने बताया कि 20 से 25 प्रतिशत की क्षति हुई है।

सीएचसी व तहसील में भरा पानी
कैसरगंज। बारिश से कैसरगंज तहसील परिसर, पुरानी तहसील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालय भी जलभराव की चपेट में रहे। बारिश के दौरान ग्राम कहरई स्थित बाले ब्रिक फील्ड की चिमनी पर बिजली गिर गई। जिससे चिमनी लगभग 20 फीट तक चिटक गई और उसका पिछला हिस्सा धराशायी हो गया। जिससे अफरातफरी मच गई।


बीआरसी व विद्यालय में भरा पानी

बाबागंज। बारिश से बाबागंज क्षेत्र में धान की खेती करने वाले किसानों के चेहरे खिले रहे। लेकिन जलभराव से लोग परेशान रहे। बारिश से बाबागंज स्थिति ब्लॉक संसाधन केंद्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, ब्लॉक परिसर, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे भीषण जलभराव रहा। जिसके चलते लाेगों को परेशानी हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें