लखीमपुर खीरी जिले का ट्रक बहराइच-लखीमपुर की सीमा पर स्थित मझरा डैम की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरा, जिससे ट्रक में सवार दो क्लीनर घायल हो गए। उन्हें आसपास के ग्रामीणों ने एंबुलेंस के द्वारा रात में ही लखीमपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रक के चालक का पता नहीं है।
लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही सलौना मुर्तिहा निवासी मेहर सिंह खेती-किसानी के साथ ट्रक भी चलवाते हैं। मेहर सिंह का कहना है कि सलौना गांव निवासी युवक ट्रक का चालक है। जबकि सुरेंद्र और प्रताप क्लीनर के रूप में ट्रक पर काम करते थे। मेहर सिंह ने शुक्रवार शाम को चालक और क्लीनर को ट्रक सौंपकर मझरा के निकट धर्मकांटा पर ट्रक की तौल करवाने की बात कही थी। इसके बाद क्लीनर और चालक ट्रक लेकर चले गए थे।
रात करीब 10 बजे ट्रक मझरा डैम की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरा। चीख पुकार सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने ट्रक में सवार दोनों क्लीनरों को रस्सी की सहायता से बाहर निकाला। रात में ही ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मालिक मेहर सिंह को दी गई। वह सुबह मौके पर पहुंचे।
मेहर सिंह ने बताया कि ट्रक का चालक हादसे के बाद से फरार है। इस मामले में मेहर सिंह ने थाने पर तहरीर भी दी है। वहीं घायल क्लीनरों को लखीमपुर में भर्ती कराया गया है।