रुपईडीहा में रेल पटरियों पर चलाई जा रही वाइब्रेशन तकनीक की मशीन।
- फोटो : रुपईडीहा में रेल पटरियों पर चलाई जा रही वाइब्रेशन तकनीक की मशीन।
रुपईडीहा। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से बहराइच और गोंडा के लिए ट्रेनों के संचालन का इंतजार अब जल्द खत्म होने की उम्मीद दिखाई देने लगी है। पूर्वोत्तर रेलवे ने बहराइच से नेपालगंज रोड तक बिछाई गई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन की अंतिम टेस्टिंग शुरू कर दी है।
मंगलवार को रेलवे विभाग की ओर से भारी मशीनों की मदद से रेलवे ट्रैक के नीचे बिछी गिट्टियों को मजबूत और व्यवस्थित करने का कार्य किया गया। यह मशीन वाइब्रेशन तकनीक के जरिए पटरियों के नीचे की गिट्टियों को मजबूती से सेट करती है, जिससे ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक सुरक्षित और संतुलित बना रहे।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह कार्य रेलवे लाइन की अंतिम चरण की जांच का हिस्सा है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि बहराइच से रुपईडीहा तक ब्रॉडगेज रेलवे लाइन और नेपालगंज रोड स्टेशन का निर्माण काफी पहले पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक ट्रेन सेवा शुरू न होने से लोगों में निराशा बनी हुई थी।