पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग बुधवार को खुश नजर आए। नेपाल के साथ ही सीमावर्ती कस्बों के होटलों में रौनक दिखी। टूर एंड ट्रेवल्स कारोबारी भी बुकिंग बढ़ने से प्रसन्न नजर आए।
नेपालगंज निवासी प्रवेश सिंह ठाकुर ने बताया कि नेपाल में सरकारी संस्थानों का संचालन अब वैकल्पिक तौर पर हो रहा है। लगभग 70 प्रतिशत व्यवस्था पटरी पर लौट आई है। शेष 30 प्रतिशत में सुधार की गुंजाइश अभी बाकी है।
बदले हालात के बीच भारतीय पर्यटक भी बुधवार को यहां आए। आने वाले दिनों में इसमें और सुधार की उम्मीद है। यह पूरे नेपाल के लिए शुभ है। यहीं के राजा बाबू ने बताया कि अब आसानी से लोग आवागमन कर रहे हैं।
भारत से नेपालगंज जाने वाले रानू ने बताया कि वह भारतीय वाहन से गए और उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। व्यापार में भी सुधार हो रहा है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापारमंडल के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बलराम मिश्रा, बलराम शुक्ला, अंकित अग्रवाल, पवन अग्रवाल और राजीव अग्रवाल ने बताया कि हालात सामान्य होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में कारोबार बढ़ने लगा है। आगे जैसे-जैसे हालात और बेहतर होंगे, वैसे-वैसे व्यापार अपनी पुरानी रफ्तार पकड़ लेगा।