बहराइच। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 11 केंद्रों पर होगी। जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा की व्यापक तैयारी की गई है। शनिवार को एडीएम अमित कुमार, एसपी रामनयन सिंह समेत अनेक अधिकारियों ने किसान पीजी कॉलेज तथा वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों की तैयारियों का जायजा लिया।
केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, फ्रिस्किंग पॉइंट, बैठने की व्यवस्था, कंट्रोल रूम की सक्रियता एवं केंद्र व्यवस्थापक से समन्वय की स्थिति का भौतिक रूप से अवलोकन किया गया।
एसपी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में अनुचित साधनों का प्रयोग न होने दिया जाए। उन्होंने परीक्षा के लिए निर्धारित समय का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने पर जोर दिया गया।
इन केंद्रों में होगी परीक्षा
किसान पीजी कॉलेज केंद्र ए और बी, राजकीय इंटर कॉलेज बहराइच, महाराज सिंह इंटर कॉलेज, आजाद इंटर कॉलेज, वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय पॉलीटेक्निक आसाम चौराहा, महिला पीजी कॉलेज बहराइच, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मोहम्मदपुर, महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय।
सीसीटीवी कैमरों के साथ एआई भी करेगा निगरानी
इस प्रतियोगी परीक्षा में किसी प्रकार की अनियमितता न होने पाए, इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किया गया है। इसके अतिरिक्त परीक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी के लिए एआई का भी सहारा लिया जा रहा है। यह जानकारी सहायक केंद्राध्यक्ष तथा कक्ष अंतरीक्षकों के प्रशिक्षण में स्टेटिक मजिस्ट्रेट शैलेश कुमार ने दी है।