शिवपुर/चित्तौरा/नानपारा/खैरीघाट (बहराइच)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में प्रतापगढ़ निवासी डीसीएम चालक सहित तीन लोगोंं की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज तहसील अंतर्गत मरूवन गांव निवासी संतोष यादव (42) डीसीएम चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। वह दिल्ली से माल लादकर मिहींपुरवा जा रहे थे। इस दौरान बुधवार की देर रात लगभग एक बजे नानपारा-लखीमपुर हाईवे के ककरी मोड़ बाईपास पर अज्ञात वाहन ने डीसीएम में टक्कर मार दी। हादसे मेंं संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी नानपारा पहुंचाया। जहां प्राथमिक चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। कोतवाल रामाज्ञा सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे में बाइक सवार चचेरे भाई जख्मी, एक की मौत
दरगाह थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटरा बहादुरगंज निवासी अजय कुमार (25) अपने चचेरे भाई मिथुन (20) के साथ बुधवार को कोतवाली देहात के पांडेयपुरवा स्थित ससुराल गए थे। घर वापस लौटते समय बहराइच-गोंडा हाईवे पर चितौरा के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई और मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। राहगीरों के मुताबिक चालक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
इनसेट-
कार से कुचलकर दिव्यांग की मौत
खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलीनगर कला निवासी दिव्यांग घसीटे (47) बुधवार की रात कुछ सामान लेने दुकान जा रहे थे। इस दौरान ललुही-इमामगंज मार्ग पर उन्हें तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। परिजनोंं ने घसीटे को इलाज के लिए सीएचसी नानपारा पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी जयदीप दूबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
हादसे में श्रावस्ती निवासी दो भाई घायल
श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणनगर निवासी अनुराग (18) अपने भाई देवांश के साथ बुधवार की रात बाइक से नानपारा आ रहे थे। इस दौरान नवाबगंज मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा ले जाया गया। उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सकोंं ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर कर दिया।