कैसरगंज/शिवपुर (बहराइच)। जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है।
बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कैसरगंज के कैशियर दिलीप कुमार शर्मा (45) निवासी ग्राम नगला फत्ता जिला मथुरा अपने साथी रवि के साथ मंगलवार की रात स्कूटी से कैसरगंज स्थित ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। इस दौरान ढाबे के पास ही पीछे से एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर किया गया था। वहां जाते समय कैशियर दिलीप कुमार की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, रवि को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के भाई सत्य प्रकाश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने गाड़ी चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, कैसरगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत बकरीदी कोनारी गांव निवासी अली अहमद ने बताया कि मंगलवार को घर में कुछ मेहमान आए हुए थे। उनके लिए नाश्ता लेने बड़े भाई मोहम्मद अहमद (50) बाइक पर जमलदीपुर चौराहे गए थे। वहां से घर लौटते समय जमलदीपुर चौराहे के निकट तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें एंबुलेंस से बहराइच मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उन्हें एंबुलेंस से लेकर लखनऊ जा ही रहे थे कि रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस पर उनका शव लेकर वापस लौट आए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाज के दौरान तोड़ दम
फोटो- 02
लौकिहा के पास मंगलवार रात आठ बजे इमामगंज से बेहड़ा बाइक से जा रहे शंकर पुत्र तालुक निवासी खैरीकला नानपारा को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी शिवपुर लाया गया था। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की जांच की जा रही है।
दिलीप कुमार शर्मा की फाइल फोटो।