शिवपुर (बहराइच)। दुजईपुरवा के कटान पीड़ितों का दर्द एसडीएम नानपारा को नहीं दिखाई देता। इसलिए कट रहे गांव को सामान्य स्थिति बता दिया। इस बयान के बाद कटान पीड़ितों में रोष है। वह हो रहे कटान से गांव को बचाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर शिवपुर की बीडीओ ने बुधवा को गांव में कटान पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाई।
बौंडी ग्राम पंचायत के दुजईपुरवा गांव में सरयू नदी कटान कर रही है। नदी का रुख सीधे गांव की ओर है। नदी व गांव के बीच अब मात्र 10 मीटर भूमि ही बची है, जो धीरे-धीरे कटती जा रही है। इसकी जानकारी होने के बाद डीएम मोनिका रानी ने बुधवार को गांव में कटान की स्थिति जानने के लिए एसडीएम नानपारा लालधर यादव को भेजा था। वहां पहुंचकर एसडीएम ने एक वीडियो बयान जारी किया है। इसमें कटान की स्थिति को सामान्य बताया गया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद कटान पीड़ितों में रोष व्याप्त है। गांव के कटान पीड़ित जवाहरलाल का कहना है कि सरयू नदी एक नहीं दो स्थान पर कटान कर रही है।
इसी प्रकार कटान पीड़ित पारस नाथ भी कटान वाले हिस्से को दिखाते हुए कहते हैं कि एक नहीं दो स्थानों पर नदी कटान कर रही है। अब नदी व गांव के बीच दूरी न के बराबर बची है। यदि अभी कुछ न किया गया तो बाढ़ के समय यह गांव इस वर्ष नहीं बचेगा। वहीं, विगत वर्ष की कटान पीड़ित कौशल्या बताती हैं कि तहसील के अधिकारी सही नहीं बोल रहे हैं। गांव में इस वर्ष तो कटान हो ही रहा है। साथ ही विगत वर्ष उनका पक्का मकान कट गया था, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला। गांव के राजेंद्र भी विगत वर्ष मुआवजा वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहते हैं कि उनका नाम सूची में था, लेकिन एक वर्ष से दौड़ा रहे हैं। अभी तक मुआवजा नहीं मिला।
बीडीओ ने बांटी राहत सामग्री
दुजईपुरवा में बीडीओ अनुष्का श्रीवास्तव ने बुधवार को कटान पीड़ितों को तिरपाल व उनके बच्चों को बिस्कुट दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनसे जो हो पाएगा, वह कटान पीड़ितों के लिए करेंगी।
दुजईपुरवा में कटान हो रहा है, तो उसे रोकने का प्रयास किया जाएगा। किसी अन्य अधिकारी को भेजकर कटान की स्थिति जांची जाएगी। -गौरव रंजन श्रीवास्तव, एडीएम