मिहींपुरवा के नौसर गुमटिहा में लगी आग से जले मकान।
- फोटो : मिहींपुरवा के नौसर गुमटिहा में लगी आग से जले मकान।
मिहींपुरवा। नौसर गुमटिहा में शुक्रवार दोपहर अचानक एक मकान में आग लग गई। आग की लपटों ने शीघ्र ही दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की दो बकरियों की मौत होने के साथ ही एक भैंस भी गंभीर रूप से झुलस गई है।
ग्रामीण रामगोपाल के कच्चे मकान में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन हवा के तेज थपेड़ों ने आग की लपटाें को और भड़का दिया। इससे अरविंद कुमार व एक अन्य ग्रामीण का मकान भी चपेट में आ गया। आग से तीनों ग्रामीणों के मकानों में रखा खाद्यान्न, कपड़े समेत गृहस्थी का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
वहीं, अरविंद कुमार की दो बकरियां जलकर मर गईं और रामगोपाल की भैंस झुलस गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ितों को शीघ्र ही आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।